
कोटा – खेत समतलीकरण कराने का झांसा देकर एक किसान से 9 लाख रुपये की धोखाधड़ी और जबरन वसूली करने वाले छह आरोपियों को कोटा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी पहले से रतनपुर थाना क्षेत्र के चर्चित बकरी चोरी मामले में भी गिरफ्तार हैं। पुलिस ने आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर पूछताछ के बाद इस मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार श्रीपारा निवासी किसान रामनारायण पोर्ते ने 23 जून 2026 को थाना कोटा में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने खेत समतलीकरण का भरोसा दिलाकर उससे किस्तों में कुल 9 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपियों ने काम नहीं किया और रुपये लेकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि इसी गिरोह के सदस्य रतनपुर थाना के एक अन्य प्रकरण में पहले से गिरफ्तार हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोटा पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ में सभी ने किसान से धोखाधड़ी कर रुपये लेने की बात स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों में बबलू खान (57), अमूर खान (66), अमीन खान (41), हबीब खान (35), शाहरुख खान (22) निवासी उमरिया, थाना गोराबाजार, जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश) तथा मोहम्मद अच्छन (33) निवासी रजकपुर, जिला अमरोहा (उत्तरप्रदेश) शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 9 लाख रुपये जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी, सहायक उपनिरीक्षक गोपाल खांडेकर, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव तथा आरक्षक अनिल साहू, शैलेन्द्र साहू और सुनील पटेल की विशेष भूमिका रही।
