
कोटा – रतनपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत उमरिया दादर के आश्रित ग्राम पचरा में पिछले पांच दिनों से खराब पड़े ट्रांसफार्मर के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप थी। लगातार बिजली गुल रहने से भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को पेयजल, घरेलू कार्यों और बच्चों की पढ़ाई जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों ने कई स्तरों पर बिजली व्यवस्था बहाल कराने का प्रयास किया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसके बाद 26 जून की रात ग्रामीणों ने अपनी समस्या की जानकारी भाजपा मंडल अध्यक्ष दुर्गा कश्यप (रतनपुर) को दी। सूचना मिलते ही उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर तत्काल नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
इस दौरान भाजयुमो मंडल अध्यक्ष राजू दास मानिकपुरी ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा और ट्रांसफार्मर शीघ्र बदलवाने के लिए लगातार प्रयास किए।
इन प्रयासों के बाद अगले ही दिन सुबह बिजली विभाग की टीम ग्राम पचरा पहुंची और खराब ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया। इसके बाद गांव में बिजली आपूर्ति फिर से शुरू हो गई।
बिजली बहाल होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और जनप्रतिनिधियों व बिजली विभाग का आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि समय पर कार्रवाई होने से लंबे समय से चली आ रही परेशानी समाप्त हो गई।
इस अवसर पर मोती दास, संतोष दास, ओमकुमार साहू, सीताराम, बसंत पोर्टे, नंदकुमार श्रीवास्तव, कृष्णा साहू, बीर सिंह, राधेश्याम यादव, मयाराम यादव, बलम सिंह, संजूलाल, भूखन सिंह मरावी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
