
कोटा – डॉक्टर्स डे एवं नर्सिंग डे के अवसर पर एम्बिसन एजुकेशन वेलफेयर सोसायटी, कोटा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोटा में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना था।

समारोह में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोटा में पदस्थ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग के नर्सिंग स्टाफ का तिलक लगाकर एवं बैच पहनाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ किसी भी स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत नींव हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी वे निरंतर मरीजों की सेवा में समर्पित रहकर समाज के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करते हैं, इसलिए उनका सम्मान प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. पारुल जोगी रहीं, जबकि अध्यक्षता श्वेता सिंह (बीपीएम) ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. श्याम सिंह पेंद्रो, डॉ. मोनिका जायसवाल, डॉ. अभिषेक झा (डेंटिस्ट), डॉ. मिथिलेश भारद्वाज, डॉ. माया (आरबीएसके) एवं डॉ. पिंकी (फिजियोथैरेपिस्ट) उपस्थित रहे।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ केवल उपचार ही नहीं, बल्कि मरीजों में नई आशा और विश्वास का संचार भी करते हैं। ऐसे सम्मान समारोह स्वास्थ्य कर्मियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ समाज में उनके प्रति सम्मान और विश्वास को भी सुदृढ़ करते हैं।

कार्यक्रम में एम्बिसन एजुकेशन वेलफेयर सोसायटी की डायरेक्टर निकहत खान, शिक्षक जितेंद्र पात्रे, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा सोसायटी की बड़ी संख्या में नर्सिंग छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर जनसेवा की कामना की गई।

