
कोटा – अखिल भारतीय छत्तीसगढ़ सतनाम कल्याण समिति के नव निर्वाचित एवं मनोनीत पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में समाज के सदस्य, पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत समिति के संरक्षक के शपथ ग्रहण के साथ हुई। इसके पश्चात अध्यक्ष को शपथ दिलाई गई तथा क्रमशः सभी नव निर्वाचित एवं मनोनीत पदाधिकारियों ने अपने-अपने पद एवं दायित्वों की शपथ ग्रहण की।
इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों ने समिति द्वारा निर्धारित नियमों एवं सिद्धांतों का पालन करने, समाज के हित में कार्य करने तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने का संकल्प लिया। उन्होंने परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी को साक्षी मानते हुए सत्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने समाज की एकता, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि समिति समाज के उत्थान एवं विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान समाज के वरिष्ठजनों ने नव पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन समाज की उन्नति, संगठन की मजबूती एवं सामाजिक समरसता के संकल्प के साथ हुआ। समारोह में विभिन्न गांवों से पहुंचे सदस्यों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को सफल और यादगार बना दिया।
