
कोटा – राष्ट्र गौरव, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती महामाया नगरी रतनपुर में बड़े उत्साह, श्रद्धा और गौरव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर में भव्य शौर्य रैली निकाली गई, जिसमें समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। रैली के दौरान महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के जयघोष से पूरा नगर गुंजायमान रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता धर्मजीत सिंह ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में अटल श्रीवास्तव, संजय सिंह राजपूत सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर राजपूत समाज द्वारा रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में समाज के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। विशेष रूप से कई युवकों ने अपने जीवन में पहली बार रक्तदान कर समाज सेवा और मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। आयोजकों ने रक्तदाताओं का सम्मान करते हुए उनके इस योगदान की सराहना की तथा अधिक से अधिक लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
जयंती समारोह के दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं समाज के वरिष्ठजनों का अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया गया।
अपने उद्बोधन में वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के त्याग, शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस अवसर पर समाज एवं क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न घोषणाएं भी की गईं। मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू जी व कार्यक्रम के अध्यक्षता कर रहे धर्मजीत सिंह जी ने बाउंड्री वॉल निर्माण हेतु 20 लाख रुपये की घोषणा की। वहीं कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव जी ने सांस्कृतिक मंच निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा सिल्ली प्रसाद राजपूत द्वारा 10 हजार रुपये का सहयोग प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में समाज के पदाधिकारियों, युवाओं एवं महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह के अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया गया।

