
कोटा – चचेही डेम में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां पिकनिक मनाने गए युवकों के बीच एक युवक ने बच्चे की जान बचाने के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान धीरज रात्रे 20 वर्ष पिता संजय रात्रे निवासी बंधु गैरेज के पास, जतिया तालाब जरहाभाठा, बिलासपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बिलासपुर के जरहाभाठा मंदिर चौक क्षेत्र से करीब 15 से 20 युवक रविवार को पिकनिक मनाने चचेही डेम, लछनपुर पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी युवक डेम में नहाने और घूमने का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बच्चे को संकट में देख धीरज रात्रे तुरंत पानी में कूद गया। धीरज को तैरना आता था और उसने बहादुरी दिखाते हुए बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन खुद गहरे पानी और तेज बहाव में फंस गया।

कुछ ही देर में धीरज पानी में लापता हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथियों द्वारा तत्काल कोटा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया।
घटना के बाद मृतक के परिवार और दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं जिस बच्चे की जान बचाई गई, वह पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि चचेही डेम में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेतों की कमी को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।

