सुर्खियां

नगचुई के पास स्कॉर्पियो पलटी: साइकिल सवार को बचाने में हुआ बड़ा हादसा, महिला की मौत, तीन गंभीर

कोटा – तेज रफ्तार और अचानक सामने आए साइकिल सवार को बचाने की कोशिश एक बड़े हादसे में बदल गई। ग्राम नगचुई के पास सोमवार को एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें सवार 45 वर्षीय महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटा क्षेत्र से करीब 13 लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर कवर्धा में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वाहन नगचुई के पास पहुंचा, अचानक एक साइकिल सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन पलट गया।


हादसे में सुशीला मानिकपुरी (45), पति सुधउ दास मानिकपुरी, निवासी घोरामार की मौत हो गई। वहीं मेलूदास (60) निवासी लमकेना, अखिलेश लहरे (21) निवासी सिरगिट्टी बिलासपुर और बखान दास (55) निवासी वार्ड नंबर 11 कोटा गंभीर रूप से घायल हो गए।


घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया।


स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा तेज रफ्तार और अचानक सामने आए साइकिल सवार के कारण हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!