सुर्खियां

बेलगहना सेक्टर में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर पर गंभीर आरोप, जांच के आदेश

कोटा – महिला एवं बाल विकास परियोजना कोटा के अंतर्गत बेलगहना सेक्टर में कार्यरत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी सेक्टर सुपरवाइजर कीर्ति किरण मोंगरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर एसडीएम टी. अरविंद कुमार (प्रशिक्षु आईएएस) से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपते हुए न्याय की मांग की।


कार्यकर्ताओं ने बताया कि सुपरवाइजर द्वारा उनसे अवैध रूप से पैसे की मांग की जाती है और मना करने पर गाली-गलौज की जाती है। साथ ही बच्चों की खेल सामग्री के परिवहन के नाम पर भी राशि वसूली का आरोप लगाया गया है। एक कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि उनके केंद्र को यह कहकर खिलौने नहीं दिए गए कि वहां बच्चे नहीं हैं।


शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि मासिक रिपोर्ट भरने के नाम पर प्रति केंद्र ₹20 की वसूली की जाती है, सुपोषण चौपाल की चार माह की राशि हड़प ली गई है तथा छह माह के टीए बिल का 40 प्रतिशत हिस्सा दबाव बनाकर लिया गया। इसके अलावा एक कार्यकर्ता को जानबूझकर भोजन से वंचित करने और परिजनों के हस्तक्षेप पर दुर्व्यवहार करने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।


मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम टी. अरविंद कुमार ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं परियोजना अधिकारी सुरुचि श्याम ने कहा कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए समस्या का समाधान किया जाएगा।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने सुपरवाइजर पर तानाशाही, भ्रष्टाचार और अत्याचार के आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Back to top button
error: Content is protected !!