

कोटा – थाना कोटा क्षेत्र में खुद को रायपुर क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर एक युवक से डरा-धमकाकर पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना कोटा में करगी खुर्द निवासी अभिषेक सिंह ने लिखित आवेदन देकर बताया कि अन्य जिले में पदस्थ एक आरक्षक, जो पूर्व में पुलिस लाइन में हायर व्हीकल चालक रह चुका है, अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर स्वयं को रायपुर क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताता था। आरोप है कि आरोपियों ने उसे किसी अपराध में फंसाने की धमकी देकर उससे रुपए ले लिए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर कोटा पुलिस ने धारा 308(7), 319(2), 296, 170, 3(5) के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया है।
पुलिस ने मामले में शुभम यादव, प्रभात ठाकुर, विनय साहू, योगेश पांडेय, देव बघेल और आशीष शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं शेष आरोपियों की तलाश में टीम रवाना कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार प्रकरण में अग्रिम कार्रवाई जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।


