

कोटा – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘चेतना अभियान’ के अंतर्गत मंगलवार को चौकी बेलगहना क्षेत्र के ग्राम कुरूवार में नशामुक्ति, साइबर जागरूकता और सड़क सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत कुरूवार के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) माधुलिका सिंह, प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नुपूर उपाध्याय की गरिमामयी उपस्थिति रही। अधिकारियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीण महिला-पुरुषों को नशे के दुष्प्रभाव, नशे में वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं तथा साइबर ठगी के नए तरीकों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

स्कूली छात्र-छात्राओं को ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ के बारे में भी जागरूक किया गया। साथ ही, गांव में अवैध शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए पुलिस के सहयोग से व्यापक जनजागरण का आह्वान किया गया। इसी क्रम में ग्राम कुरूवार में महिला कमांडो टीम का गठन किया गया।

कार्यक्रम में बेलगहना क्षेत्र के ग्राम पहाड़बछाली की महिला कमांडो टीम भी शामिल हुई। उल्लेखनीय है कि पहाड़बछाली में कुछ माह पूर्व गठित महिला टीम के सक्रिय प्रयासों से गांव को अवैध शराब से मुक्त किया जा चुका है। इस सराहनीय पहल के लिए वरिष्ठ अधिकारियों ने महिला कमांडो टीम को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों की मांग पर अधिकारियों ने शीघ्र ही ग्रामीण क्षेत्रों में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर ग्राम कुरूवार की सरपंच श्रीमती ललिता पोर्ते, उपसरपंच रविकुमार, ग्राम पहाड़बछाली की सरपंच सुषमा सुनील करसायल, लाला निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष, छात्र-छात्राएं एवं आसपास के कोटवार उपस्थित रहे।

चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हेमंत सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए ग्रामीणों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कार्यक्रम में सउनि मोतीलाल सूर्यवंशी, आरक्षक प्रदीप जायसवाल, ईश्वर नेताम, धीरज जायसवाल सहित पुलिस स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।

‘चेतना अभियान’ के इस आयोजन से ग्रामीणों में सकारात्मक माहौल देखने को मिला तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने ग्रामों में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।


