

बिलासपुर – चौकी बेलगहना क्षेत्र के ग्राम डांडबछाली से दो दिन से लापता एक व्यक्ति को पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस डॉग ‘विमला’ ने करीब 10 किलोमीटर तक सर्च ऑपरेशन चलाकर घने जंगल में अचेत अवस्था में पड़े व्यक्ति को खोज निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम डांडबछाली निवासी तरुण सिदार (48 वर्ष) 19 फरवरी 2026 की सुबह अपने खेत जाने के लिए ग्राम तुलुफ निकले थे, लेकिन रात तक घर वापस नहीं लौटे। 20 फरवरी को परिजनों द्वारा खोजबीन करने पर पता चला कि उन्हें अंतिम बार अपने साथियों—भक्तनारायण, सूरज सिंह, बलराम सिदार और शत्रुहन सिदार—के साथ खेत में शराब पीते देखा गया था। अनहोनी की आशंका जताते हुए परिजनों ने चौकी बेलगहना में गुमशुदगी दर्ज कराई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह और अनुविभागीय अधिकारी (कोटा) श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में टीम गठित कर तत्काल तलाश शुरू की गई। संदिग्ध स्थल पर सघन खोज के दौरान पुलिस को तरुण सिदार की टोपी और चप्पल बरामद हुई।

इसके बाद बिलासपुर से डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। पुलिस डॉग ‘विमला’ और डॉग हैंडलर मनोज साहू मौके पर पहुंचे। ‘विमला’ ने बरामद वस्तुओं को सूंघकर सर्च शुरू किया और करीब 10 किलोमीटर दूर पहाड़बछाली के घने जंगलों में तरुण सिदार को अचेत अवस्था में खोज निकाला।
प्राथमिक उपचार के बाद तरुण सिदार ने बताया कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण वे नशे की हालत में जंगल की ओर भटक गए थे और 19 फरवरी की रात से ही भूखे-प्यासे वहीं पड़े रहे। समय पर बरामदगी नहीं होने पर किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।
बेलगहना पुलिस ने बताया कि पुलिस डॉग ‘विमला’ की मदद से पूर्व में भी कई मामलों में सफलता मिली है। इस सफल रेस्क्यू के बाद क्षेत्र में पुलिस टीम और डॉग स्क्वॉड की सराहना की जा रही है।


