

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोटमी कला में नई शराब भट्टी खोलने के सरकारी प्रस्ताव का कड़ा विरोध शुरू हो गया है। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमन शर्मा ने इस संबंध में जिला कलेक्टर और जिला आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित निविदा को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की है।युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमन शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कोटमी कला एक शांत और ग्रामीण क्षेत्र है। यहाँ शराब भट्टी खुलने से न केवल अपराधों में वृद्धि होगी, बल्कि क्षेत्र की शांति भंग होगी और घरेलू हिंसा जैसे मामले बढ़ेंगे। उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि जहाँ जनता बेहतर सड़क, सुसज्जित अस्पताल और उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज की मांग कर रही है, वहां प्रशासन शराब परोसने की तैयारी में जुटा है। अमन शर्मा ने कहा, प्रशासन का ध्यान विकासोन्मुख कार्यों पर होना चाहिए, न कि ऐसी योजनाओं पर जो युवाओं को नशे की गर्त में धकेलें। कोटमी कला के युवाओं को किताबों और रोजगार की जरूरत है, बोतलों की नहीं। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि राजस्व बढ़ाने के मोह में ग्रामीण अंचलों का सामाजिक ढांचा न बिगाड़ा जाए। ज्ञापन के माध्यम से यह साफ कर दिया गया है कि यदि प्रशासन ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस निविदा को निरस्त नहीं किया और क्षेत्र में जनकल्याणकारी योजनाओं पर कार्य प्रारंभ नहीं किया, तो समस्त ग्रामवासी और युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।



