
ठा. प्रेम सोमवंशी (कोटा) कांग्रेस के प्रदेश व्यापी बूथ चलो अभियान के तहत शुक्रवार को राज्य के प्रथम उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव बेलतरा विधानसभा के 5 पोलिंग बूथ की बैठकों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रभारियों को बूथ के मैनेजमेंट से लेकर बूथ किस तरह से जीता जाए इस के टिप्स दिए।

प्रदेश व्यापी बूथ चलो अभियान के तहत शुक्रवार को राज्य के पहले उप मुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव बेलतरा विधानसभा के मुख्यालय ग्राम पंचायत बेलतरा पहुंचे जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और ढोल नगाड़े के साथ श्री सिंहदेव का आतिशी स्वागत किया। जिला पंचायत सभापति अंकित गौरहा के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्री सिंहदेव को फूल मालाओं से लाद दिया।

इसके बाद उप मुख्यमंत्री का काफिला बेलतरा के सामुदायिक भवन पहुंचा जहां विधानसभा प्रभारी चंद्रप्रकाश बाजपेई सहित अन्य नेताओं ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। सामुदायिक भवन में बूथ स्तर की बैठक लेते हुए श्री सिंहदेव ने सेक्टर जोन और बूथ प्रभारियों से मतदाता सूची से नाम का मिलान करने से लेकर नाम जुड़वाने, कटवाने और पर्ची बनवाने सहित बूथ प्रबंधन के अनेक विषयों पर बातचीत की। बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए श्री सिंहदेव ने कहा कि पहले सदस्य की भूमिका में काम करते थे अब प्रदेश में उप कप्तान की जिम्मेदारी मिली है जिसमें सभी वर्गों के लिए काम करना ही उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को आगे बढ़ाना एकमात्र लक्ष्य है।

बेलतरा के बाद उप मुख्यमंत्री का काफिला पौंसरा , जलसो, सेमरा और बैमा नगोई पहुंचा जहां बूथ कमेटी की बैठक लेकर वह दूसरे कार्यक्रम के लिए बिलासपुर रवाना हो गए। उपमुख्यमंत्री के बेलतरा प्रवास के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं व अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारियों और कई सामाजिक संगठन के लोगों ने भी उनसे भेंट मुलाकात कर अपनी समस्याएं बताई जिनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन उन्होंने दिया।