
कोटा – शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला झिंगटपुर में आज शिक्षा के साथ सेवा का संगम देखने को मिला। विद्यालय परिवार द्वारा एक ही मंच पर न्योता भोज एवं दान उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

1. न्योता भोज – शाला की शिक्षिका श्रीमती मीरा रजक ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर परंपरा से हटकर बच्चों के साथ खुशी बांटने का निर्णय लिया। उनके द्वारा शाला के सभी बच्चों के लिए न्योता भोज का आयोजन कर विशेष भोजन, पूरी, सब्जी, चावल एवं दूध वितरित किया गया। बच्चों ने पंक्तिबद्ध बैठकर भोजन किया।

2. दान उत्सव – इसी दौरान व्यवसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए दान उत्सव कार्यक्रम आयोजित हुआ।
– मुंगेली निवासी समाजसेवी श्री ईश्वर लाल देवांगन द्वारा विद्यालय को बच्चों के कौशल विकास हेतु दो सिलाई मशीन दान की गई।
– दिल्ली निवासी सामाजिक कार्यकर्ता श्री आर. सी. विरवानी द्वारा कम्प्यूटर प्रशिक्षक श्री राहुल भानू एवं सिलाई प्रशिक्षिका श्रीमती कांति भानू को प्रतिमाह 2500/- रुपये प्रोत्साहन राशि देने पर सहमति बनी। उल्लेखनीय है कि श्री विरवानी जी द्वारा इसके पूर्व भी व्यवसायिक शिक्षा हेतु प्रशिक्षक व आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जा चुका है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहायक विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री नवनीत तम्बोली ने कंप्यूटर लैब का फीता काटकर शुभारंभ किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती संध्या जायसवाल, श्रीमती दीपिका रोश किंडो, ग्राम मुखिया श्री दिलीप सिंह पोर्ते, जनपद सदस्य श्रीमती शिवबाई नेताम, श्री पप्पू नेताम सहित शाला परिवार उपस्थित रहा।

अतिथियों ने श्रीमती मीरा रजक के सेवाभाव तथा श्री देवांगन एवं श्री विरवानी के सहयोग की सराहना करते हुए इसे अन्य शालाओं के लिए प्रेरणादायी बताया।

