सुर्खियां

Marwahi : हाथी देखने जंगल पहुंचे 3 ग्रामीणों को हाथी ने दौड़ाया, हमले में 1 गंभीर घायल, इलाज के दौरान मौत

मरवाही वन परिक्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। हाथियों को देखने जंगल पहुंचे तीन ग्रामीणों को हाथी ने दौड़ा दिया। इसी दौरान एक ग्रामीण पर हाथी ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ग्रामीण की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतक की पहचान रूमगा निवासी केमला पुरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों ग्रामीण हाथियों को देखने के लिए उनके बेहद करीब पहुंच गए थे। हाथी ने अचानक उन्हें दौड़ाया, जिसमें दो ग्रामीण किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, जबकि केमला पुरी हाथी की चपेट में आ गए।

वर्तमान में मरवाही वन परिक्षेत्र के रूमगा, मटियाडांड़ , नाका इलाके में करीब 53 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। जो अलग अलग होकर 3 – 4 दलों में विचरण कर रहे हैं, वन विभाग लगातार ग्रामीणों को हाथियों के पास नहीं जाने और सुरक्षित रहने की अपील कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर हाथियों को देखने जंगल पहुंच रहे हैं।

वन विभाग के अनुसार, मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की जाएगी। वहीं हाथियों के खतरे को देखते हुए ग्रामीणों को सुरक्षित पक्के मकानों में शिफ्ट किया गया है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी करते हुए ग्रामीणों को सतर्क कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!