
कोटा – ग्राम गनियारी में मकान का ताला तोड़कर तांबे और कांसे के बर्तन चोरी करने के मामले में कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल औजार भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मनोज राज (40 वर्ष) की शिकायत पर दर्ज मामले में बताया गया था कि 13 सितंबर 2026 को ग्राम गनियारी स्थित एक मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर तांबे व कांसे के बर्तन चोरी कर ले गया था। मामले में थाना कोटा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की और पूछताछ के दौरान संदेही आदित्य मिश्रा (20 वर्ष), निवासी बाजारपारा गनियारी, थाना कोटा, जिला बिलासपुर का नाम सामने आया।
पुलिस टीम ने संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी द्वारा चोरी की घटना स्वीकार करने पर उसके कब्जे से 7 नग तांबे के कलश-लोटा एवं 1 नग कांसे का लोटा बरामद किया गया। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल आरी, लोहे काटने का औजार एवं हथौड़ा भी जप्त किया गया।
आरोपी को 17 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मामले में आरोपी के विरुद्ध धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोटा निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश यादव, आरक्षक दीप सिंह कंवर, आरक्षक संजय श्याम, आरक्षक ज्वाला सिंह एवं आरक्षक धर्मेंद्र साहू की विशेष भूमिका रही।




