सुर्खियां

GPM: कलेक्टर विजय दयाराम बाइक से पहुंचे स्वास्थ्य शिविर, ग्रामीणों को बांटी मच्छरदानियां

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कलेक्टर विजय दयाराम ने आमाडोब ग्राम पंचायत के बरलगान पारा में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। खास बात यह रही कि कलेक्टर शिविर स्थल तक बाइक से पहुंचे और ग्रामीणों के बीच पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं एवं शासकीय योजनाओं का जायजा लिया।
गौरेला विकासखंड के बरलगान पारा में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में कलेक्टर विजय दयाराम ने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के लिए जागरूक किया और मच्छरों से सुरक्षा के लिए मच्छरदानियों का वितरण किया।
शिविर में ग्रामीणों की मलेरिया जांच के साथ ही हीमोग्लोबिन, रक्तचाप और शुगर की जांच भी की गई। कलेक्टर ने कहा कि बुखार आने पर लापरवाही न करें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में मलेरिया की जांच कराएं। उन्होंने लोगों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विकसित भारत जन-जन अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल व्यवस्था सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने हितग्राही रामसनेही मरावी के परिवार से मुलाकात कर योजनाओं के लाभ और मूलभूत सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की।


ग्रामीणों ने बरलगान पारा तक सड़क निर्माण की मांग कलेक्टर के समक्ष रखी। इस पर कलेक्टर ने आवश्यक कार्रवाई कर सड़क निर्माण का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान वनमंडलाधिकारी ग्रीष्मी चांद, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, एसडीएम अमित बेक, सीएमएचओ डॉ. रामेश्वर शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!