सुर्खियां

डंडों से पीट-पीटकर किसान की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार; जांच में जुटी कोटा पुलिस

कोटा – कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम खुरदुर में बुधवार शाम मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। दो युवकों द्वारा डंडों से किए गए हमले में एक किसान की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खुरदुर निवासी सिदेशी बघेल (42 वर्ष) बुधवार शाम गांव में टहल रहे थे। इसी दौरान गांव के अंकुश रजक एवं निखिल यादव (निवासी कलार तराई) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने डंडों से सिदेशी बघेल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल सिदेशी बघेल मौके पर ही गिर पड़े। परिजन और ग्रामीण उन्हें बचाने पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने ग्रामीणों से मिली जानकारी और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी अंकुश रजक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दूसरा आरोपी निखिल यादव घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
घटनास्थल से पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!