सुर्खियां

सुबह दौड़ लगाने निकले युवकों से मारपीट का आरोप, वन विकास निगम के अज्ञात कर्मचारियों पर केस दर्ज

कोटा – सुबह दौड़ लगाने निकले तीन युवकों के साथ कथित मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़ितों की शिकायत पर कोटा पुलिस ने वन विकास निगम के अज्ञात अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शेखर केवट (18 वर्ष), हितेश जायसवाल (18 वर्ष) और राम केवट (20 वर्ष), तीनों निवासी धौराभाठा, कोटा, प्रतिदिन की तरह आर्मी और पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए सुबह दौड़ लगाने निकले थे। इसी दौरान अमाली मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया।


पीड़ितों का आरोप है कि बिना वर्दी में मौजूद लोगों ने उन्हें लकड़ी चोरी करने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की और मारपीट की। इसके बाद तीनों युवकों को जबरन वाहन में बैठने की कोशिश की गई उसी दौरान दो युवक वहां से भाग गए एक युवक को भैंसाझार रोपणी नर्सरी ले जाया गया, जहां उनके साथ दोबारा मारपीट की गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ितों के परिजन और कोटा नगर के जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में कोटा थाना पहुंचे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायलों का मूलाहिजा कराने के बाद शिकायत के आधार पर वन विकास निगम के अज्ञात अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपों की पुष्टि के लिए घटनास्थल, संबंधित कर्मचारियों की पहचान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!