
कोटा – कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम अमाली में 55 वर्षीय महिला का शव गांव के एक कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। महिला 17 जुलाई की रात से लापता थी। परिजनों ने काफी तलाश के बाद कोटा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटे बाद गांव के कुएं में महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान अघनिया बाई साहू (55 वर्ष), पिता चेतन राम साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले लगभग 35 वर्षों से अपने मायके में रह रही थीं तथा उनकी मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं थी।

परिजनों के अनुसार 17 जुलाई की रात अघनिया बाई ने घर में टीवी बंद किया और सोने चली गईं। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो वह घर पर नहीं थीं। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने कोटा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी दौरान गांव के लोगों ने कुएं में एक शव देखा, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला की मौत कुएं में गिरने से हुई या उन्होंने आत्महत्या की। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी कुएं में गिरने से गांव के एक युवक की मौत हुई थी। अब उसी कुएं में दूसरी मौत होने से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद ग्रामीण कुएं की सुरक्षा व्यवस्था और संभावित कारणों की गंभीर जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
