सुर्खियां

चरित्र शंका में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

कोटा – थाना कोटा क्षेत्र में चरित्र शंका को लेकर हुई युवक की निर्मम हत्या के मामले में कोटा पुलिस ने फरार चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर पहले मारपीट की और फिर बड़े पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना कोटा में अपराध क्रमांक 433/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रार्थी आलोक सिंह निवासी रेलिया जयरामनगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 जून 2026 की शाम वह अपने साथी यशु पोर्ते और निखिल गोस्वामी के साथ होटल 4 सीजन के आगे कच्चे मार्ग में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान रात करीब 8:45 बजे दो मोटरसाइकिलों में सवार चार युवक वहां पहुंचे।


बताया गया कि मृतक निखिल गोस्वामी ने उनमें से एक आरोपी दीपक दास उर्फ भोला दास को पहचान लिया। इसके बाद आरोपी भोला ने निखिल की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और अन्य साथियों के साथ मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। घटना के दौरान निखिल ने अपने साथियों को वहां से भागकर घरवालों को सूचना देने को कहा। इसके बाद आरोपी युवक को गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गए।


डायल 112 की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि निखिल गोस्वामी का सिर बड़े पत्थर से कुचल दिया गया था और अत्यधिक खून बह चुका था। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तथा एसडीओपी कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। आखिरकार 11 जून 2026 को पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में दीपक दास उर्फ भोला दास मानिकपुरी निवासी भुंडा, निखिल राव उर्फ निक्कू निवासी देवनगर कोनी, करण दास मानिकपुरी निवासी देवनगर कोनी तथा कुश साहू उर्फ बुतरू निवासी तेलियापुराण भरारी शामिल हैं।
पूरे मामले की कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, मनमोहन कोसले तथा एसीसीयू बिलासपुर की विशेष भूमिका रही।

Back to top button
error: Content is protected !!