
बिलासपुर – जिले के बेलगहना चौकी क्षेत्र में हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने महज कुछ घंटों में आरोपी पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि परिजनों ने युवक की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार ग्राम रतखंडी निवासी 23 वर्षीय गौरीशंकर पटेल की मौत की सूचना उसके पिता उमेन्द सिंह पटेल ने 20 मई को चौकी बेलगहना में दी थी। प्रारंभिक सूचना में बताया गया कि युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली है। घटना स्थल पर जहर की खाली शीशी भी पड़ी मिली थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को परिस्थितियां संदिग्ध लगीं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। निरीक्षण में मृतक के शरीर पर चोट के निशान और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य मिले, जिससे हत्या की आशंका गहराई।
जांच आगे बढ़ाने पर पुलिस को पता चला कि मृतक शराब के नशे में अक्सर परिवार वालों से विवाद करता था। घटना वाली रात भी वह अत्यधिक नशे में था और घर में विवाद कर रहा था। पूछताछ में पिता उमेन्द सिंह पटेल, भाई शिवशंकर पटेल और एक विधि से संघर्षरत बालक ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि विवाद के दौरान उन्होंने गौरीशंकर के साथ मारपीट की, उसे गिराकर रस्सी से हाथ-पैर बांध दिए और मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए मृतक के मुंह में कीटनाशक डालकर आसपास फैला दिया, ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 238 और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी बाल न्यायालय में पेश किया गया।
पूरे मामले की कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हेमंत सिंह, सहायक उप निरीक्षक मोतीलाल सूर्यवंशी तथा पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
