सुर्खियां

राज्योत्सव पर झिंगटपुर में भव्य क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला मंच

कोटा – छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस एवं राज्योत्सव के पावन अवसर पर झिंगटपुर स्थित ग्रीन पार्क मैदान में स्टार क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में भव्य ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता का शानदार आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। वहीं बड़ी संख्या में पहुंचे खेलप्रेमियों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी से मैदान में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरोज दुर्गेश साहू उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य श्रीमती शिवबाई नेताम, सरपंच दिलीप पोर्ते, उपसरपंच भारतलाल यादव सहित स्थानीय पंचगण, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टॉस उछालने के साथ हुई। इस दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें उचित मंच और अवसर प्रदान करने की है। इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें एकता, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इस आयोजन को सफल बनाने में अविनाश ट्रेडर्स का विशेष सहयोग एवं प्रायोजन रहा। स्टार क्रिकेट क्लब के सदस्यों ने बताया कि ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना तथा युवाओं को खेलकूद जैसी रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना ही प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य है।

कार्यक्रम के अंत में स्टार क्रिकेट क्लब के आयोजकों ने प्रतियोगिता में शामिल सभी अतिथियों, प्रायोजकों, जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Back to top button
error: Content is protected !!