सुर्खियां

बाघ की अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई, वन विभाग ने किया अलर्ट, एआई से बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, सिद्ध बाबा मंदिर, माता चौरा और SBI के पास बाघ दिखाने का दावा; एसडीओ फॉरेस्ट ने बताया भ्रामक

हनुमान अग्रवाल (बेलगहना) क्षेत्र में पिछले दिनों बाघ की मौजूदगी और पशुओं पर हमले की वास्तविक घटनाओं के बाद अब सोशल मीडिया पर बाघ से जुड़े कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। वन विभाग के अनुसार इनमें से कुछ वीडियो एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से बनाए गए प्रतीत होते हैं, जिनमें बाघ को सिद्ध बाबा मंदिर के मुख्य द्वार, माता चौरा बेलगहना के पास और भारतीय स्टेट बैंक बेलगहना के आसपास दिखाया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में भारतीय स्टेट बैंक के पास सड़क किनारे बैठे गोवंश के बिल्कुल समीप बाघ को दिखाया गया है। वन विभाग का कहना है कि ऐसे वीडियो वास्तविक घटना से मेल नहीं खाते और लोगों में अनावश्यक भय एवं भ्रम की स्थिति पैदा कर रहे हैं।

लगातार फोन आने से वन विभाग परेशान

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोग वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन कर क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी को लेकर जानकारी मांग रहे हैं। इससे वन विभाग के सामने वास्तविक सूचना और अफवाह के बीच अंतर स्पष्ट करने की चुनौती भी बढ़ गई है।

इस संबंध में एसडीओ फॉरेस्ट कोटा अनिल भास्करन ने बताया कि पिछले दो दिनों से क्षेत्र में बाघ की कोई नई मूवमेंट नहीं मिली है। हालांकि विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

एसडीओ ने क्षेत्र का किया दौरा

एसडीओ फॉरेस्ट अनिल भास्करन ने स्वयं क्षेत्र का दौरा कर सिद्ध बाबा परिवार सहित अन्य ग्रामीणों से चर्चा की और बाघ की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वन विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

भ्रामक पोस्ट करने वालों पर होगी कार्रवाई

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और पोस्ट के संबंध में एसडीओ भास्करन ने कहा कि बिना सत्यापन झूठी या भ्रामक सामग्री प्रसारित करना गंभीर विषय है। विभाग ऐसे पोस्ट और वीडियो के स्रोत की जानकारी जुटा रहा है। उन्होंने संकेत दिया कि भ्रामक एवं अप्रमाणित सामग्री फैलाने वाले लोगों को चिन्हित कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि बाघ से संबंधित किसी भी वीडियो, फोटो या सूचना को सत्यापित किए बिना सोशल मीडिया पर शेयर न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें और अफवाहों से बचें।

Back to top button
error: Content is protected !!